अमेरिका ने घटाकर 18% किया टैरिफ, रॉकेट बने टेक्सटाइल कंपनियों के शेयर, 20% तक उछला दाम

टेक्सटाइल कंपनियों के शेयर मंगलवार को बाजार खुलते ही रॉकेट बन गए हैं। भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने से गारमेंट एंड अपैरल कंपनियों के शेयरों में तूफानी तेजी आई है। अमेरिका ने भारत से होने वाले एक्सपोर्ट पर टैरिफ को घटाकर 18 पर्सेंट कर दिया है। टैरिफ घटने के बाद गोकलदास एक्सपोर्ट्स, किटेक्स गारमेंट्स, वेलस्पन लिविंग, इंडो काउंट इंडस्ट्रीज, पर्ल ग्लोबल इंडस्ट्रीज, अरविंद लिमिटेड और केपीआर मिल के शेयरों में 20 पर्सेंट तक की तेजी देखने को मिली है।
गोकलदास एक्सपोर्ट्स लिमिटेड, किटेक्स गारमेंट्स और इंडो काउंट इंडस्ट्रीज के शेयर मंगलवार को 20 पर्सेंट के अपर सर्किट पर पहुंच गए हैं। गोकलदास एक्सपोर्ट्स के शेयर 20 पर्सेंट की तेजी के साथ 696.10 रुपये पर जा पहुंचे हैं। वहीं, किटेक्स गारमेंट्स के शेयरों में भी 20 पर्सेंट का अपर सर्किट लगा है और कंपनी के शेयर 196.30 रुपये पर पहुंच गए हैं। इंडो काउंट इंडस्ट्रीज के शेयर 20 पर्सेंट के अपर सर्किट के साथ 286.90 रुपये पर पहुंच गए हैं।
वेलस्पन लिविंग, पर्ल ग्लोबल इंडस्ट्रीज, अरविंद लिमिटेड और केपीआर मिल के शेयरों में भी तूफानी तेजी देखने को मिली है। भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने के बाद मंगलवार को वेलस्पन लिविंग के शेयर 18 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 144.80 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं। केपीआर मिल लिमिटेड के शेयर भी 15 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 989.50 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं। केपीआर मिल के शेयरों ने इंट्राडे के दौरान 1031.30 रुपये के हाई लेवल को भी छुआ है। पर्ल ग्लोबल इंडस्ट्रीज के शेयर 14 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 1829.35 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं। अरविंद लिमिटेड के शेयरों में भी 15 पर्सेंट से ज्यादा का उछाल आया है और कंपनी के शेयर 387.80 रुपये पर पहुंच गए हैं।
भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने के बाद इंडियन एक्सपोर्ट पर 18 पर्सेंट का टैरिफ लगेगा, जो कि वियतनाम और बांग्लादेश जैसे दूसरे बड़े गारमेंट एक्सपोर्ट हब से कम होगा। वियतनाम और बांग्लादेश से होने वाले एक्सपोर्ट पर 20 पर्सेंट का टैरिफ लग रहा है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यूएस रेडीमेड गारमेंट इंपोर्ट्स में बांग्लादेश की बाजार हिस्सेदारी 9 पर्सेंट थी, जबकि वियतनाम का मार्केट शेयर 19 पर्सेंट है। भारत की बाजार हिस्सेदारी 6 पर्सेंट है। टैरिफ घटने के बाद भारत की बाजार हिस्सेदारी में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। यह बात सीएनबीसी-टीवी 18 की एक रिपोर्ट में कही गई है।
कई गारमेंट कंपनियों के रेवेन्यू में अमेरिकी मार्केट की बड़ी हिस्सेदारी है। गोकलदास एक्सपोर्ट्स के रेवेन्यू में अमेरिकी मार्केट की हिस्सेदारी 70 पर्सेंट है। वहीं, वेलस्पन लिविंग के रेवेन्यू में यूएस मार्केट की हिस्सेदारी 65 पर्सेंट है। इंडो काउंट इंडस्ट्रीज के रेवेन्यू में 70 पर्सेंट, पर्ल ग्लोबल के रेवेन्यू में 50 पर्सेंट, अरविंद लिमिटेड के रेवेन्यू में 30 पर्सेंट और केपीआर मिल के रेवेन्यू में यूएस मार्केट की 21 पर्सेंट हिस्सेदारी है। यह बात सीएनबीसी-टीवी 18 की एक रिपोर्ट में कही गई है।


