भारत–अमेरिका ट्रेड डील का दिग्गज नेताओं ने किया स्वागत, बताया ऐतिहासिक

अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ को कम करने के ट्रंप प्रशासन के फैसले को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सोमवार को हुई बातचीत में व्यापार समझौते पर बात बनी.
अमेरिका ने भारत पर लगए गए 25 फीसदी टैरिफ को घटाकर अब 18 प्रतिशत कर दिया है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत दिग्गज मंत्रियों ने इस ट्रेड डील पर खुशी जाहिर की और इसे ऐतिहासिक बताया.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की सराहना की. अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताया जो दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.
एक्स पर एक पोस्ट में रक्षा मंत्री ने इस समझौते को भारत-अमेरिका संबंधों में एक प्रमुख मील का पत्थर बताया, जो मजबूत संबंधों और रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा देगा. उन्होंने इस समझौते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी बधाई दी.
जनाथ सिंह ने लिखा, ‘भारत-अमेरिका संबंधों के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि एक ऐतिहासिक व्यापार समझौता फाइनल हो गया है, जिससे टैरिफ काफी कम होकर 18फीसदी हो गया है और गहरे और बड़े आर्थिक सहयोग का एक नया अध्याय खुल गया है.
मैं इस निर्णायक समझौते पर पहुंचने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बधाई देता हूं, जो हमारी रणनीतिक साझेदारी को काफी मजबूत करेगा और दोनों देशों और उनके लोगों को ठोस लाभ पहुंचाएगा. इस समझौते के साथ, भारत-अमेरिका आर्थिक संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचने के लिए तैयार हैं.’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा,’भारत-अमेरिका संबंधों के लिए आज का दिन बहुत बड़ा है, क्योंकि ट्रेड डील फाइनल हो गई है और टैरिफ को काफी कम करके 18 प्रतिशत कर दिया गया है. इससे मजबूत व्यापार संबंधों और आपसी विकास का रास्ता साफ हो गया है.
मैं इस ऐतिहासिक डील के लिए पीएम मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बधाई देता हूँ, जो हमारी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी और दोनों देशों और उनके लोगों को बहुत फायदा पहुँचाएगी. भारत और अमेरिका के बीच व्यापार और बढ़ेगा.’


