अपराध

अहमदाबाद के स्कूल में ‘जहरीला’ बदला, झगड़े के बाद छात्र ने क्लासमेट की वाटर बोतल में मिलाया केमिकल

गुजरात के अहमदाबाद में मणिनगर इलाके से एक बेहद हैरान-परेशान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक प्राइवेट स्कूल में छठी क्लास के एक छात्र ने आपस में कहासुनी होने के बाद बदला लेने के लिए अपने क्लासमेट की पानी की बोतल में केमिकल टेबलेट मिला दी। केमिकल वाला पानी पीने से छात्र की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना से स्कूल परिसर में छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अहमदाबाद सिटी के जिला शिक्षा अधिकारी रोहित चौधरी ने 4 दिन पहले दुर्गा स्कूल में हुई इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “कुछ दिन पहले दोनों छात्रों के बीच कहासुनी हुई थी। उनमें से एक छात्र ने कथित तौर पर बदला लेने के लिए दूसरे छात्र की पानी की बोतल में एक केमिकल टैबलेट मिला दी, जब बोतल क्लासरूम में रखी थी।”

पानी में केमिकल मिले होने की जानकारी न होने पर प्रभावित छात्र ने थोड़ा पानी पिया, लेकिन अजीब गंध आने पर उसने पीना बंद कर दिया। इसके तुरंत बाद उस बच्चे को उल्टी होने लगी। टीचरों ने तुरंत स्कूल मैनेजमेंट को बताया और छात्र का इलाज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्कूल मैनेजमेंट ने कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि फुटेज में एक छात्र पानी की बोतल में कोई टैबलेट मिलाते हुए दिख रहा है। दोनों छात्रों से पूछताछ की गई और उनके पैरेंट्स को भी स्कूल बुलाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित छात्र की हालत स्थिर है और आगे कोई बड़ी मेडिकल दिक्कत नहीं हुई। दोनों छात्रों के पैरेंट्स ने आपसी सहमति से यह मामला सुलझा लिया और उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं करने का फैसला किया। हालांकि, स्कूल के ट्रस्टी एच.एन. पटेल और प्रिंसिपल केतन शाह की ओर से इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की गई।

बता दें कि, जनवरी महीने में घाटलोडिया के नेशनल स्कूल के बाहर भीड़ ने दसवीं क्लास के एक छात्र पर हमला कर दिया था। वहीं सितंबर 2025 में सेवंथ डे एडवेंटिस्ट स्कूल के बाहर हुई एक जानलेवा हमले की घटना ने छात्रों के व्यवहार और निगरानी पर सवाल उठाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button