अपराध

युवक के सिर और सीने में मारी गोली, ईंट से सिर कूंचा; पटना के बाढ़ में खौफनाक वारदात

पटना में बाढ़ अनुमंडल के पंडारक में सोमवार की दोपहर अपराधियों ने बाइक सवार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक की पहचान छुपाने के लिए अपराधियों ने युवक का सिर ईंट से कूंच दिया। घटना पंडारक स्थित अंबुजा सीमेंट कंपनी के प्रस्तावित कार्यस्थल के पास छपेरातर बिहारीबीघा रोड की है। युवक के सिर और सीने में गोली मारी थी। खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच छानबीन की। मृतक की पहचान पंडारक के महुआरी गांव निवासी अमृत कुमार (34) के रूप में हुई। घटना का कारण पता नहीं चल सका है।

पुलिस के अनुसार, अमृत कुमार सोमवार की दोपहर को बाइक से कही जा रहा था। घर से चार किमी दूर स्थित अंबुजा सीमेंट प्लांट के पास अपराधियों ने घेर कर गोली मार दी। अमृत जख्मी होकर गिर गया। इसके बाद अपराधियों ने ईंट से उसका चेहरा पूरी तरह कूच दिया। रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने जब युवक का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। मृतक की बाइक भी घटनास्थल से बरामद हुई है। उसके मोबाइल से मिले नंबर पर पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर बुलाया।

इस संबंध में मृतक के भाई सुजीत कुमार ने बताया कि अमृत की किसी के साथ दुश्मनी नहीं थी। वह बाइक लेकर घर से निकला था। घटनास्थल से कई मीटर दूर तक खून फैला था। इससे प्रतीत होता है कि अमृत कुमार और अपराधियों के बीच मारपीट भी हुई थी। बाढ़ अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अजय कुमार ने बताया कि मृतक के सिर और सीने में दो गोली मारी गई है। सिर में ऊपर की तरफ से गोली लगी है।

थानाध्यक्ष नवनीत राय ने बताया कि पुलिस ने मामले को लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को दे दिया गया है। उन्होंने बताया कि गोली मारकर हत्या की गई है और चेहरे को ईंट से कूंच गया है। मौके से रक्त रंजित ईंट बरामद हुआ है। परिजनों का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button