शराबी पिता ने 12 साल के बेटे को हंसिया से काटा, बक्से में लाश छिपाकर हुआ फरार

यूपी के फिरोजबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पिता ने हंसिया से वार कर बेटे की हत्या कर दी और शव बक्शे में छिपाकर भाग गया। पत्नी जब स्कूल से घर लौटी तो उसे हत्याकांड का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद किया। उधर, आरोपित की हरकतों पर उसके पैतृक मकान पर ससुरालवालों ने हंगामा करते हुए तोड़फोड़ कर दी। पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में सीसीटीवी खंगाल रही हैं।
मक्खनपुर में जेपी ग्लास के पास स्थित मकान में राजेश लोधी, उसकी पत्नी उर्मिला, बेटा मयंक (12), बेटी महिमा (14) रह रहे थे। पति और पत्नी के बीच पिछले करीब 12 साल से विवाद चला आ रहा है। इसके बाद पति ने कुछ साल पहले ही यहां नया मकान बनाया था। वो शराब पीने का आदी है। पत्नी उर्मिला प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती है। सोमवार को वह पढ़ाने गई थी। बेटा मयंक और बेटी महिमा स्कूल गए थे। दोनों लौटकर आए तो पिता राजेश घर पर था। महिमा ट्यूशन के लिए बैग लेकर घर से निकल गई। इसके बाद पिता ने बेटे मयंक की हंसिया से काटकर हत्या कर दी और शव बक्शे में कपड़ों के नीचे छिपाकर भाग गया।
उर्मिला जब दोपहर दो बजे स्कूल से लौटकर आई तो घर के अंदर खून बिखरा पड़ा था। उसने अनहोनी की आशंका जताते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दे दी। इस पर पुलिस ने आसपास के प्लॉट और घर का कोना खंगाला लेकिन शव नहीं मिला। तीन घंटे बाद शव बक्शे से बरामद कर पुलिस पोस्टमॉर्टम के लिए ले गई। मयंक के चेहरे, गर्दन और अन्य शरीर पर हंसिया के प्रहार के कई निशान थे। सूचना पर एसपी देहात अनुज चौधरी, सीओ अनिवेश कुमार और कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। मायके वालों ने आरोपी राजेश के खिलाफ बेटे की हत्या की तहरीर दी है। वहीं मायके वालों ने गुस्सा जताया कि राजेश के पिता और अन्य लोग मयंक की हत्या के बाद मौके पर नहीं आए। इसे लेकर राजेश के मक्खनपुर स्थित दूसरे पैतृक मकान में देर शाम पहुंचकर तोड़फोड़ कर डाली।


